मुंबई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अरब सागर में हवा का कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण उठा तूफान "फयान”, 102 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ आज शाम मुंबई पहुंच जाएगा।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी ) ने तूफान की आशंका से महानगर के सभी स्कूल- कॉलेज दोपहर एक बजे तक और दफ्तर दोपहर दो बजे तक बंद कर दिए जाने का आदेश जारी किया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मुंबई में अगले 24 घंटों में चक्रवाती तूफ़ान आ सकता है साथ ही समंदर में ऊंची लहरों के चलते मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की हिदायत दी गयी है।
मौसम विभाग ने यह चेतावनी भी दी है कि मुंबई तथा इससे सटे ठाणे जिले में अगले 24 घंटों तक "तेज” और "बहुत तेज” बारिश हो सकती है।
मुंबई में कल से धीमी- धीमी बारिश जारी है जिसके कारण यहां की लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा है। जगह- जगह ट्रैफिक जाम की समस्या भी लोगों को झेलनी पड़ रही है।
मुंबई में पिछले 24 घंटों से लगातार बूंदाबांदी हो रही है। बीएमसी ने कुलाबा के गीतानगर, वर्ली के नरीमन बाग़, वर्ली कोलीवाडा, जुहू, वर्सोवा, सागर कुटीर, सात बंगला, गंगा जमुना बिल्डिंग, राजेश खन्ना गार्डन, माहिम, खार, सांताक्रुज़ जैसे समुद्र से सटे तमाम इलाको में एलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई में दिन भर तेज़ हवा का दौर भी रहेगा। बीएमसी ने पुलिस कंट्रोल, ट्राफिक कंट्रोल, फायर बिग्रेड कंट्रोल और मंत्रालय कंट्रोल रूम को अलर्ट पर रहने को कहा है।
|