अर्थव्यवस्था से जुड़ी कुछ अच्छी खबरों से
अमेरिकी बाजारों में कल बढ़त रही। आज सुबह एशियाई बाजारों में भी अच्छी
खरीदारी दिख रही है। चीन में अक्टूबर के दौरान औद्योगिक उत्पादन 19.5%
बढ़ा। इसे वैश्विक वित्तीय संकट हल्का होने के अहम संकेत के रूप में देखा
जा रहा है। इस खबर से बाजार में अच्छी खरीदारी नजर आयी। डॉव जोंस में 44
अंक या 0.43% की तेजी रही। नैस्डेक में भी 16 अंक यानी 0.74% की मजबूती
रही। डॉव जोंस और नैस्डेक अब लगभग 13 महीनों के शिखर पर आ गये हैं।
एसएंडपी 500 में भी कल 0.50% की बढ़त रही। अमेरिका में प्रमुख बिल्डर टोल
ब्रदर्स ने उम्मीद से कहीं ज्यादा आमदनी का अनुमान जताया है। इससे टोल
ब्रदर्स के शेयर में 16.4% की उछाल रही। यही नहीं डॉव जोंस का होम
बिल्डर्स इंडेक्स भी 7.1% उछला। नाइमेक्स में कच्चे तेल का भाव 15 सेंट
बढ़कर 79.43 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इस बीच कॉमेक्स पर सोना 1120.90
डॉलर प्रति औंस के नये रिकार्ड स्तर पर आ गया है।
अमेरिकी तेजी का असर आज सुबह एशियाई शेयर बाजारों में भी दिख रहा है,
लेकिन बढ़त कुछ हल्की है। भारतीय समय के मुताबिक सुबह करीब 9 बजे निक्केई,
ताइवान वेटेड और शंघाई कंपोजिट में लगभग 0.5% की मजबूती है। हैंग सेंग,
कॉस्पी और स्ट्रेट टाइम्स लगभग सपाट चल रहे हैं। सिंगापुर स्टॉक्स
एक्सचेंज में निफ्टी वायदा बुधवार को एनएसई में बंद स्तर के आसपास ही करीब
5000 पर है।
|